बहेड़ी में सबसे अधिक 148 जोड़ों का विवाह संपन्न,आलमपुर जाफराबाद में 131 और नवाबगंज में 117 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ
बरेली : उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को बरेली जनपद के पांच विकासखंडों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कुल 560 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और उत्साह के साथ संपन्न कराया गया। समारोहों में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय पदाधिकारियों ने शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। जिले के आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी, नवाबगंज, रामनगर और शेरगढ़ विकासखंडों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
बहेड़ी में सबसे अधिक 148 जोड़ों का विवाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बहेड़ी विकासखंड में सबसे अधिक 148 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में निर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, मंत्री के प्रतिनिधि रवि मेहरोत्रा, ब्लॉक प्रमुख अमरेंद्र सिंह गोल्डी और बहेड़ी की चेयरमैन रश्मि जायसवाल उपस्थित रहीं। जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
आलमपुर जाफराबाद में 131 जोड़े विवाह बंधन में बंधे

विकासखंड आलमपुर जाफराबाद में आयोजित समारोह में 131 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मीरगंज के विधायक डॉ. राघवेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आरती यादव,पत्नी वेद प्रकाश यादव, मौजूद रहीं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों के सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
नवाबगंज में 117 जोड़ों का विवाह

नवाबगंज विकासखंड में कुल 117 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। कार्यक्रम में बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, नवाबगंज के विधायक डॉ. एम.पी. आर्य और ब्लॉक प्रमुख डॉ. ए.के. गंगवार उपस्थित रहे। समारोह में नवदंपतियों को सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
शेरगढ़ में 110 जोड़ों की शादी संपन्न

शेरगढ़ विकासखंड में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 110 जोड़ों का विवाह कराया गया। इस अवसर पर बरेली के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, मीरगंज के विधायक डी.सी. वर्मा,भाजपा जिलाध्यक्ष बरेली सोमपाल शर्मा और ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी मौजूद रहे।
रामनगर में 54 जोड़ों ने शुरू किया नया जीवन रामनगर विकासखंड में आयोजित समारोह में 54 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती विजेता ठाकुर ने भाग लिया और नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
