आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में पोस्टर, भाषण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं,हरिशंकरी वाटिका में करीब 250 लोगों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
बरेली : छावनी परिषद, बरेली की ओर से गुरुवार को सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आरएन टैगोर इंटर कॉलेज, बरेली कैंट में “सेवा संकल्प अभियान” और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना के तहत विद्यार्थियों के लिए पोस्टर,भाषण और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं लेखा नगर कॉलोनी, आरए बाजार में लेखा विभाग और छावनी परिषद के संयुक्त तत्वावधान में “हरिशंकरी वाटिका” के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ, जिसमें 108 पौधे लगाए गए।
छात्रों ने पोस्टर और भाषण के जरिए दिए संदेश
आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन की मौजूदगी रही। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सेवा और विकसित भारत की भावना के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “मेरे सपनों का भारत”, “विकसित उत्तर प्रदेश”, “विकसित भारत 2047”,“स्वच्छ, स्वस्थ एवं समर्थ भारत”, “शिक्षा एवं सेवा”, “नारी शक्ति” और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर विचार रखे, जबकि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों के ज्ञान और तार्किक क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
पोस्टर प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में उपलक्ष्य ने प्रथम, जोया ने द्वितीय और गायत्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में अवित सिंह आर्य प्रथम, मैन्सी द्वितीय और अमोली वर्मा तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में प्रियांशु प्रथम, यूसुफ द्वितीय और अंजली रोशन तृतीय स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि संजीव अग्रवाल और डॉ. तनु जैन ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। डॉ. तनु जैन ने विद्यार्थियों के पोस्टरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को प्रतिभा अभिव्यक्त करने के साथ आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
‘Say No to Single-Use Plastic’ का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में स्वच्छता गतिविधि भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों को पानी की बोतलें वितरित की गईं और एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को “Say No to Single-Use Plastic” क संदेश देते हुए प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
हरिशंकरी वाटिका में लगाए गए 108 पौधे
इसी क्रम में लेखा नगर कॉलोनी, आरए बाजार में लेखा विभाग और छावनी परिषद बरेली के संयुक्त तत्वावधान में “हरिशंकरी वाटिका” के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 10:30 बजे हुए कार्यक्रम में पीपल, बरगद, पाकड़ सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 108 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में करीब 250 लोगों ने सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण व हरित क्षेत्र बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन, IFA जे.सी. त्रिपाठी, Dy. IFA मनोज कुमार, LAO सहित लेखा विभाग और संबंधित कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सीईओ ने कही ऐसी बात
डॉ. तनु जैन ने कहा कि वृक्षारोपण को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।हरिशंकरी वाटिका के जरिए पर्यावरण संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति में प्रकृति-पूजन और जैव विविधता संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया।
