बरेली। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से 100 फीटा रोड स्थित वीर सावरकर नगर कैंप कार्यालय पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रेसवार्ता एवं कार्यकर्ता संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षक, पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री इकराम कुरैशी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने की, जबकि संचालन महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने किया।
26 नवंबर को लखनऊ में निकलेगी संविधान रक्षा यात्रा
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री इकराम कुरैशी ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस संविधान रक्षा यात्रा निकालकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लेगी। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र एक वोट की बुनियाद पर खड़ा है। वोट का अधिकार छीनना संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर खतरा मंडरा रहा है। इकराम कुरैशी ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भाजपा सरकार पर कांग्रेस नेताओं ने साधा निशाना
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार से हर वर्ग परेशान है और लोगों के वोट देने के अधिकार पर खतरा पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार को जवाब देने के लिए तैयार है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने कहा कि बरेली जिले और महानगर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लखनऊ मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लिया अभियान में भागीदारी का संकल्प
कार्यक्रम में मोहम्मद युसुफ खान जरीवाले, मीरगंज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी इलयास अंसारी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अभियान को मजबूत बनाने तथा लखनऊ में प्रस्तावित यात्रा में भागीदारी का संकल्प लिया।
