बरेली : आंवला तहसील से जमीन विवाद में दस्तावेजों के कथित फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 11 साल पहले मृत हो चुकी महिला ओमवती के नाम से खतौनी दुरुस्ती का प्रार्थना पत्र, शपथ पत्र और न्यायालय में वकालतनामा तक दाखिल किया गया। मामले में राजस्व अभिलेखों और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। ग्राम शिवपुरी निवासी महिपाल सिंह ने अधिकारियों और पुलिस को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि ग्राम लोधीपुर निवासी तीन लोगों ने अपनी मृत मां ओमवती को सरकारी दस्तावेजों में जीवित दर्शाकर जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव कराने की कोशिश की।
मृतका के नाम से प्रार्थना पत्र और शपथ पत्र दाखिल करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 9 सितंबर 2025 को ओमवती के नाम से खतौनी दुरुस्ती का प्रार्थना पत्र तहसील में प्रस्तुत किया गया। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को उनके नाम से शपथ पत्र भी दाखिल किया गया।आरोप है कि दस्तावेजों पर मृत महिला के नाम से अंगूठा निशान लगाकर उन्हें प्रमाणित कराया गया। इतना ही नहीं, न्यायालय में उनकी ओर से वकालतनामा भी प्रस्तुत किया गया। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि जब महिला की मृत्यु करीब 11 साल पहले हो चुकी थी, तो उनके नाम से दस्तावेज किसने तैयार किए और अंगूठा निशान किसने लगाया?
40 साल पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
इस विवाद की जड़ करीब 40 साल पुरानी जमीन बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष के वृजेश पुत्र नरेश पाल सिंह के मुताबिक, उनके बाबा तीन भाई थे। इनमें एक भाई अविवाहित था और उसके हिस्से की संपत्ति अन्य दो भाइयों के नाम आ गई थी। दूसरे पक्ष ने करीब 40 वर्ष पहले जमीन के एक हिस्से का बैनामा कराया था, जिसका दाखिल-खारिज भी हो चुका था। शेष जमीन की खतौनी में उनके परिवार के सदस्यों के नाम वारिस के रूप में दर्ज होते रहे।
खतौनी से नाम हटवाने के लिए मृत महिला को बनाया वादी?
वृजेश का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उनके परिवार के नाम खतौनी से हटवाने के लिए दुरुस्ती की कार्रवाई शुरू कराई। इसके लिए करीब 11 साल पहले मृत हो चुकी ओमवती को वादी के रूप में दर्शाया गया।शिकायतकर्ता का दावा है कि कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खतौनी में संशोधन की कार्रवाई कराई गई। पीड़ित परिवार ने न्यायालय की शरण लेने के साथ संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
राजस्व कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल
शिकायत में राजस्व कर्मचारियों की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पुराने बैनामे में ओमवती और उनके पति के नाम संबंधी विवरण में अंतर होने के बावजूद दस्तावेजों की समुचित जांच किए बिना राजस्व आख्या प्रस्तुत कर दी गई। उन्होंने संबंधित लोगों के साथ दस्तावेज तैयार करने और जांच करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
एसडीएम ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा
मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद जांच की बात कही गई है। आंवला के एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रकरण न्यायालय से संबंधित है और मामला अब उनके संज्ञान में आया है। इसकी विस्तृत जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला आरोपों पर आधारित है। दस्तावेजों की जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
