बरेली: बीसलपुर मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। भुता थाना क्षेत्र के अहिरोला चौराहे के पास ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार बस सामने से आ रही दो कारों से टकरा गई। हादसे में नेपाल के दो नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12:20 बजे बस बरेली से बीसलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बीसलपुर की तरफ से एक अर्टिगा कार बरेली आ रही थी, जबकि उसके पीछे दूसरी कार चल रही थी। अहिरोला चौराहे के पास बस चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही दोनों कारों से बस की भिड़ंत हो गई।
नेपाल के अर्जुन कामी और चेतराज की मौत
हादसे में अर्टिगा कार सवार नेपाल के बाजुरा जिले निवासी अर्जुन कामी (36) पुत्र भीम और चेतराज (35) की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक दिल बहादुर राणा पुत्र चंद्र राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी कार में सवार तीन अन्य लोगों को भी चोटें आईं। दूसरी कार में सवार दो लोग घायल हुए। हादसे में कुल छह लोग घायल बताए गए हैं।
देर रात मची अफरातफरी, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही भुता थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कार चालक दिल बहादुर राणा का उपचार जारी है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
तीनों वाहन कब्जे में, दुर्घटना की जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और दोनों कारों को कब्जे में ले लिया है। नेपाल के दोनों मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में बस चालक के ओवरटेक करने के दौरान दुर्घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही
