बरेली : यूपी की बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट, पथराव और धारदार हथियारों से हमले तक पहुंच गया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव में पहुंचे परिवार के अन्य लोग भी चोटिल हुए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, हालात को काबू में किया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव घघोरा घंघोरी की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे पानी की निकासी को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी बात पर गांव के कुछ लोगों ने प्रार्थिनी के बेटे शराफत हुसैन के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया गया है कि विवाद बढ़ते ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिवार को जैसे ही झगड़े की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने लगे, लेकिन तब तक मामला काफी बढ़ चुका था।
छतों से पथराव, लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमले का आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि झगड़े के दौरान शकूर, जाकिर, शाकिर, नुसरत, एहसान और आमिर समेत कई लोगों ने पहले मारपीट की और बाद में छतों पर चढ़कर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, आरोपियों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि परिवार के लोग मौके पर न पहुंचते तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। हमले में शराफत हुसैन को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचे देवर रफीक और एक भांजे को भी चोटें आईं, जिनमें एक के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात कही गई है।
इलाज को अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही भोजीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित महिला बूनंदन पत्नी शाखावत हुसैन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई और हमले में कितने लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
