बरेली : यूपी के बरेली में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बिलवा पुल के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार 24 वर्षीय फोटोग्राफर इरफान की मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रही महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि इरफान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का एक हाथ कटने की भी सूचना सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है। इस हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बिलवा पुल के पास स्कूटी को डंपर ने मारी टक्कर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे भोजीपुरा थाना क्षेत्र के बिलवा पुल के पास हुआ। आटा पट्टी सोमाली गांव निवासी इरफान (24) अपनी महिला मित्र के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में इरफान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
घायल महिला अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। यहां उसका उपचार कराया जा रहा है। महिला की चोटों की गंभीरता को देखते हुए घटना ने परिवार और परिचितों की चिंता बढ़ा दी है।महिला का एक हाथ कटने की भी सूचना सामने आई है।हालांकि, इस संबंध में विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी और आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
वीडियोग्राफी को लेकर घर से निकला था इरफान
इरफान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम करता था। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम वह अपनी मां हाजरा को वीडियोग्राफी के काम से बरेली जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात बिलवा पुल के पास हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। इरफान की मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है। जिस युवक के घर से काम के सिलसिले में निकलने की जानकारी मिली थी। उसकी सड़क हादसे में मौत हो जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
डंपर चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और डंपर किस दिशा से आ रहा था, इन बिंदुओं पर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। घायल महिला का उपचार जारी है, जबकि इरफान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
