होटल एसोसिएशन के 10 प्रतिनिधियों के साथ बीडीए ने किया विकास संवाद, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण और वैधानिक अनुपालन पर दिया जोर
बरेली : यूपी के बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने होटल कारोबार से जुड़े विकास और निर्माण कार्यों में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को लेकर होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ ‘बीडीए विकास संवाद’ का आयोजन किया। बैठक में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव समेत विभिन्न होटलों के कुल 10 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता बीडीए उपाध्यक्ष ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य होटल व्यवसाय से जुड़े लंबित मामलों और निर्माण संबंधी समस्याओं पर सीधे संवाद के जरिए समाधान तलाशना तथा बीडीए और होटल संचालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। इस दौरान प्रतिनिधियों ने अपने-अपने होटलों से संबंधित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
कंपाउंडिंग मानचित्र-एनओसी के मामलों पर चर्चा
विकास संवाद में विभिन्न होटलों से जुड़े लंबित कंपाउंडिंग मानचित्र,फायर एनओसी और प्रदूषण एनओसी के मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। होटल प्रतिनिधियों ने अपने प्रकरणों की स्थिति और सामने आ रही व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी दी। संबंधित मामलों के समाधान को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
पर्यटन नीति और होम स्टे पर भी मंथन
बैठक में पर्यटन नीति (Tourism Policy) और होम स्टे से जुड़े प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। होटल एसोसिएशन और प्रतिनिधियों के साथ इन प्रावधानों से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं और विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान -प्रदान किया गया। इसके अलावा होटलों के लिए लागू विकास नियंत्रण एवं अनुमन्यताओं, वैधानिक एनओसी, फायर एनओसी की वैधता और नवीनीकरण से जुड़े विषय भी बैठक में उठे। होटल परिसरों में STP/WWTP के संचालन और अनुपालन को लेकर भी चर्चा की गई।
बीडीए ने समयबद्ध अनुपालन पर दिया जोर
बीडीए उपाध्यक्ष ने होटल प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि आवश्यक वैधानिक अनुमतियों और एनओसी से संबंधित अनुपालन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए पूर्ण दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में होटल परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और आवश्यक वैधानिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई। बीडीए और होटल क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच संवाद के दौरान समन्वय, वैधानिक अनुपालन और समयबद्ध कार्रवाई को प्रमुखता दी गई। बीडीए का यह विकास संवाद होटल क्षेत्र से जुड़े लंबित मामलों और व्यावहारिक समस्याओं पर प्राधिकरण तथा होटल प्रतिनिधियों के बीच सीधे संवाद की दिशा में आयोजित किया गया।
