अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा,प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय,शौचालय और फुट ओवर ब्रिज का लिया जायजा
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत महाप्रबंधक (जीएम) उदय बोरवणकर ने रविवार को बहेड़ी और लालकुआं रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और तय मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, रेल परिसंपत्तियों के रखरखाव और संरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
इज्जतनगर में समीक्षा बैठक, यात्री सुविधाओं और संरक्षा पर चर्चा
निरीक्षण कार्यक्रम से पहले महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, इज्जतनगर के सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति संदीप खंडेलवाल सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं, रेल संचालन की संरक्षा व्यवस्था और ट्रेनों के समयपालन से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों से विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और रेल संचालन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
इज्जतनगर-लालकुआं रेलखंड का किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद जीएम ने इज्जतनगर-लालकुआं रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ओवरहेड विद्युत उपकरणों (ओएचई), पॉइंट एवं क्रॉसिंग, समपार फाटकों और प्रमुख पुलों की स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेल परिसंपत्तियों के नियमित रखरखाव और संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रेलवे संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बहेड़ी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म और शौचालय सुविधाओं का निरीक्षण
महाप्रबंधक बहेड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचे और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कराए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म का जायजा लेते हुए यात्रियों के आवागमन तथा उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। इसके अलावा दिव्यांगजन के अनुकूल शौचालय और आधुनिक शौचालय ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यात्री सुविधाओं की उपलब्धता और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान दिया गया। महाप्रबंधक ने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय स्थित पैनल रूम का निरीक्षण किया।यहां मौजूद कर्मचारियों से संरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके तकनीकी ज्ञान और सतर्कता को परखा। उन्होंने बुकिंग कार्यालय में रेल कर्मचारियों से बातचीत कर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने और पुनर्विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
लालकुआं स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का जायजा
इसके बाद महाप्रबंधक लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय और प्लेटफॉर्म का जायजा लिया गया। इसके साथ ही 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और के व्यवस्थाओं की स्थिति देखी गई।महाप्रबंधक ने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय स्थित पैनल रूम का भी निरीक्षण किया। यहां उपस्थित कर्मचारियों से संरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर उनकी कार्यकुशलता और सजगता का आकलन किया।
समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे सभी विकास एवं पुनर्विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि रेल संचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए रेल परिसंपत्तियों का नियमित एवं समुचित रखरखाव किया जाना जरूरी है। साथ ही स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने, स्टेशन परिसरों को सुव्यवस्थित रखने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। महाप्रबंधक ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
पूर्वोत्तर रेलवे के इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बहेड़ी और लालकुआं स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना रहा। रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन को प्राथमिकता देते हुए कार्यों को तय मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए।
