मायके पक्ष ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप, डीएम के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कब्र की खुदाई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
बरेली : बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में सात दिन पहले दफनाई गई 50 वर्षीय महिला का शव शनिवार को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका के मायके पक्ष ने महिला को जहर देकर हत्या किए जाने और बिना सूचना दिए जल्दबाजी में दफनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई गई। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
12 जुलाई को हुई थी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जानकारी के अनुसार बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाजार निवासी मोहम्मद ताहिर की 50 वर्षीय पत्नी तबस्सुम की 12 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसी दिन परिजनों ने स्थानीय कब्रिस्तान में उनका अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया था। मृतका का मायका उत्तराखंड के हल्द्वानी में है।
मायके पक्ष का आरोप- बिना सूचना दिए दफनाया शव
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें तबस्सुम की मौत की सूचना तक नहीं दी गई। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष ने जल्दबाजी में शव को दफनाकर पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया। परिजनों ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए जहर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
भाई ने डीएम से की शिकायत, जांच के दिए गए आदेश
16 जुलाई को मृतका के भाई जहीम इलियास ने डीएम अविनाश सिंह से शिकायत कर आरोप लगाया कि उनकी बहन की जहर देकर हत्या की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि साक्ष्य मिटाने की नीयत से मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव को दफना दिया गया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसएसपी अनुराग आर्य को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र की खुदाई, वीडियोग्राफी भी कराई
एसएसपी के निर्देश पर शनिवार को बहेड़ी पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कराई। भारी पुलिस बल की निगरानी में शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि जांच में किसी प्रकार की पारदर्शिता बनी रहे।
पीएम के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
