बाराबंकी / लखनऊ : यूपी के बाराबंकी में एक महिला सिपाही विमलेश पाल (2017 बैच) की संदिग्ध हत्या का मामला सामने आया है। सुबेहा थाने में तैनात विमलेश का शव बुधवार को लखनऊ-बहराइच हाईवे के किनारे मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा गांव के पास झाड़ियों में पाया गया। शव अर्द्धनग्न, चेहरे से क्षत -विक्षत, और सड़ा-गला था।
पुलिस को हत्या की आशंका, प्रेम संबंध जांच के घेरे में
प्रारंभिक जांच में पता चला कि विमलेश पिछले 4 दिन से लापता थीं। 27 जुलाई को वह महादेवा मंदिर में सावन ड्यूटी पर गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। शव मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम, एसपी अर्पित विजयवर्गीय, और आईजी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। आईजी ने खुलासा किया कि विमलेश के सहकर्मी सिपाही इंद्रेश मौर्य से प्रेम संबंध थे। फरवरी 2024 में विमलेश ने बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद में कोर्ट मैरिज की बात कहकर वापस लेने की कोशिश की गई। पुलिस इस एंगल को भी गहराई से जांच रही है।
क्राइम सीन और फॉरेंसिक साक्ष्य
शव की हालत देखकर बलात्कार और फिर हत्या की आशंका जताई जा रही है। शरीर पर चोट के निशान, और चेहरे को जानवरों द्वारा नोचा जाना क्रूरता की ओर इशारा करता है। शव को मौके पर फेंके जाने के सबूत, कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है।
पुलिस का एक्शन,आरोपी सिपाही की तलाश
इंद्रेश मौर्य, जो अब हरदोई में तैनात है, संदिग्धों में शामिल। गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
नेम प्लेट से हुई पहचान, पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट की पुष्टि बाकी
एसपी ने मीडिया को बताया कि शव की पहचान नेम प्लेट पर लिखे ‘विमलेश’ नाम से की गई, लेकिन पीएनओ नंबर नहीं मिलने के कारण फुल कंफर्मेशन पोस्टमार्टम के बाद ही होगा।
इलाके में सनसनी और गुस्सा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की नृशंस हत्या ने इलाके में डर और आक्रोश फैला दिया है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर हालात को कंट्रोल में किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
