कादरचौक-बदायूं मार्ग पर असरासी पुलिया के पास हादसा, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
बदायूं: जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कादरचौक-बदायूं मार्ग पर असरासी पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान कादरचौक निवासी सौरभ जौहरी उर्फ चीता, उम्र 21 वर्ष और वीरेश उर्फ विपिन, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे और सोमवार रात खाना खाने के लिए निकले थे। सौरभ के चाचा के मुताबिक, दोनों ने कस्बे के एक ढाबे पर खाने के लिए मुर्गा बनवाया था। देर से पहुंचने पर ढाबा संचालक ने मुर्गा किसी अन्य ग्राहक को बेच दिया। इसी बात को लेकर दोनों का ढाबा संचालक से विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।
बताया गया कि विवाद के बाद दोनों युवक भदरौली के पास स्थित दूसरे ढाबे पर खाना खाने के लिए बाइक से निकल गए। इसी दौरान असरासी पुलिया के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सौरभ दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता गोपाल जौहरी समोसे की दुकान चलाते हैं। सौरभ भी पिता की दुकान पर काम में हाथ बंटाता था। वहीं वीरेश उर्फ विपिन पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दोनों दोस्तों की एक साथ मौत की खबर से पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।