मुड़िया धुरेकी गांव में बिजली आपूर्ति बहाल करने गई टीम पर हमला, मोबाइल भी तोड़ा, लाइनमैन से भी मारपीट; पुलिस ने चार नामजद आरोपियों पर दर्ज किया मुकदमा
बदायूं : बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया धुरेकी में बिजली फॉल्ट ठीक करने पहुंचे विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) और लाइनमैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए चार लोगों ने जेई को घर के अंदर बंधक बनाकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे लाइनमैन के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मुड़िया पर तैनात अवर अभियंता संजीव कुमार वार्ष्णेय शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे लाइनमैन श्रीपाल और पुष्पेंद्र के साथ नसरौल घरेलू फीडर का बिजली फॉल्ट ठीक करने निकले थे। टीम जब गांव मुड़िया धुरेकी में रोहित पुत्र रामकुमार के घर के पास पहुंची, तभी वहां मौजूद रोहित, सत्यभान उर्फ केतू, रिकू यादव और मोहित यादव ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि पहले आरोपियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर जेई को जबरन घर के अंदर ले जाकर बंधक बना लिया। वहां लाठी-डंडों, लात-घूंसों से उनकी पिटाई की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

जेई को बचाने पहुंचे लाइनमैन श्रीपाल के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घायल जेई का मेडिकल परीक्षण कराया गया। उनकी तहरीर के आधार पर फैजगंज बेहटा थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है।

पुलिस का कहना है कि सभी नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।