गनगोली गांव में एक ही रात में चार स्थानों को बनाया निशाना, नकदी-जेवर और मंदिर की दानराशि लेकर फरार हुए चोर
बदायूं : जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गनगोली गांव में चोरों ने एक ही रात में चार अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। चोरों ने पूर्व प्रधान के घर में नकब लगाकर नकदी और जेवरात पार कर दिए। इसके अलावा अन्य मकानों और चामुंडा मंदिर के दानपात्र को भी निशाना बनाया। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार देर रात चोरों ने गांव के पूर्व प्रधान के घर में नकब लगाकर प्रवेश किया। चोर घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार के लोगों को हुई।
पूर्व प्रधान के घर के बाद चोरों ने गांव के अन्य मकानों को भी निशाना बनाया। वहां से नकदी, जेवरात और घरेलू उपयोग का सामान चोरी कर लिया गया। एक बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर उसमें रखे बर्तन और अन्य सामान भी चोर उठा ले गए।
चोरों ने गांव स्थित चामुंडा मंदिर को भी नहीं छोड़ा। मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। धार्मिक स्थल पर हुई चोरी से ग्रामीणों में विशेष नाराजगी देखी जा रही है।
सुबह जब ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं की जानकारी ली तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। एक ही रात में चार स्थानों पर चोरी की वारदात से लोगों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरों की जल्द गिरफ्तारी करने और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और जल्द खुलासे का दावा किया है।