सपा प्रमुख का बड़ा हमला – B-Team, C-Team, P-Team… सब BJP को बचाने में लगे!
दरभंगा/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दरभंगा के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र में INDIA गठबंधन उम्मीदवार भोला यादव के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान न भर पाने से अखिलेश यादव सड़क मार्ग से सभा स्थल पहुंचे। सभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा “ये जनसमर्थन और जोश बता रहा है कि अबकी बार बिहार से BJP बाहर।” उन्होंने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी इस्तमाली पार्टी है, पहले इस्तेमाल करती है, फिर लोगों को बर्बाद कर देती है।”
पलायन और नौकरी का मुद्दा सबसे आगे

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा “जो लोग पलायन की बात कर रहे हैं, बताओ आज बिहार से सबसे ज़्यादा पलायन क्यों है? यह BJP की वजह से है। इस बार जनता BJP का पलायन कराएगी और तेजस्वी नौजवानों को नौकरी देंगे।”उन्होंने कहा कि यह चुनाव नौकरी बनाम BJP है। एक तरफ तेजस्वी यादव सम्मानजनक नौकरी की बात कर रहे हैं, दूसरी ओर BJP ‘सिर पर टोकरी रखकर मजदूरी’ कराना चाहती है।
महंगाई और सोने की कीमतों पर भाजपा को घेरा
सपा प्रमुख अखिलेश ने बढ़ती महँगाई पर भी हमला बोला “सोने की कीमत आसमान पर हैं, आज अगर, हमारी बहन-बेटी की शादी हो, तो बताओ- छोटी से छोटी चीज भी क्या दे पाएंगे?”
BJP की B Team, C Team और P Team मैदान में

सभा में अखिलेश यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया “हर चुनाव में BJP की B Team काम करती है। बिहार में तो C Team भी काम कर रही है और P Team भी। लेकिन इस बार मुखबिर का साथी ख़ुफ़िया,
पर डूबेगी दोनों की लुटिया।”और फिर उन्होंने नारा दिया-“अबकी बार-BJP बाहर!”
लोकसभा के बाद अब बिहार से झटका: अखिलेश

उन्होंने कहा “उत्तर प्रदेश में जनता ने BJP को अवध में हराया। अब बिहार की जनता मगध में भी हार देगी। बोले – तेजस्वी की सरकार बनी तो हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी मिलेगी। महिलाओं को 2500 मासिक सम्मान राशि दी जाएगी। जीविका दीदियों को 30,000 महीने, 200 यूनिट फ्री बिजली, अग्निवीर योजना समाप्त कर पक्की फौजी भर्ती होगी।
जनविरोधी नीतियां भाजपा पतन की वजह

सपा प्रमुख ने कहा है कि भाजपा की जनविरोधी नीतियाँ ही उसके पतन की वजह बन रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के घमंड में जनता की रोज़ी-रोटी छीनने का काम करती है, और “जनता को दुख देकर सुखी होती है”। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, महिलाओं,हर वर्ग को धोखा दिया है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, डीएपी-यूरिया संकट बना रहा, और एमएसपी पर भी ठोस लाभ नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिचौलियों को फायदा पहुँचा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है, जबकि उत्तर प्रदेश में साइबर अपराध और महिला अपराध सबसे अधिक हैं, और सरकार क़ानून-व्यवस्था सुधारने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि “भाजपाई किसी के सगे नहीं होते, धोखा देना ही उनका सबसे बड़ा गुण है। भाजपा जाए तो चैन आए।”
