विजन इंडिया कार्यक्रम में सपा प्रमुख ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद, पेपर लीक, बेरोजगारी, AI, MSME और आगरा के विकास को लेकर रखी अपनी बात, PDA को बताया प्रेम, दया और अपनापन का प्रतीक
आगरा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को आगरा में आयोजित ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला।उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले, पेपर लीक, बेरोजगारी, कारोबारियों की समस्याओं और प्रदेश की राजनीति पर खुलकर अपनी राय रखी। राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह सनातन परंपरा के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि यदि मंदिर से जुड़े मामलों में अधिकारियों को पुजारियों की जांच करनी पड़े, तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो “कैमरे बंद कर चढ़ावा वापस कर दो”, लेकिन ऐसी स्थिति पैदा होना ही चिंता का विषय है।
PDA का बताया नया अर्थ

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक नारे PDA को नया सामाजिक अर्थ देते हुए कहा कि “PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन भी है।” उन्होंने कहा कि समाज में जितना प्रेम, दया और अपनापन बढ़ेगा, उतना ही सामाजिक सौहार्द मजबूत होगा।
पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद, बेरोजगारी पर कही ये बात?

सपा प्रमुख ने कहा कि देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आगरा और फिरोजाबाद के लिए किए कई वादे

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर आगरा के पेठा उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जाएगी। उन्होंने MSME क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज, आगरा में IT सिटी, मेडिकल कॉलेज और भविष्य में ग्लास सिटी विकसित करने की बात कही। साथ ही फिरोजाबाद के कांच उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कांच संस्थान स्थापित करने का भी आश्वासन दिया।
योगी सरकार और बीजेपी पर निशाना

सीएम योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के पास महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों का जवाब नहीं है। उन्होंने दावा किया कि छोटा व्यापारी और कारोबारी वर्ग पिछले वर्षों में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है और सपा की नीतियां इस वर्ग को मजबूती देने का काम करेंगी।
कारोबारियों के लिए विशेष पैकेज का वादा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि MSME सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि जरूरत पड़ी तो कारोबारियों और छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “उजाड़ना बंद हो, बसाना शुरू हो” की नीति के तहत छोटे व्यापारियों को संरक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में सपा प्रमुख ने आगामी चुनावों को लेकर भी विश्वास जताया और कहा कि जनता बदलाव चाहती है तथा प्रदेश में समाजवादी पार्टी मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है।
