एसपी चीफ ने कहा-जनगणना टालने और पीडीए के अधिकार छीनने की कोशिश, लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों को तुरंत राहत और जांच की उठाई आवाज
बरेली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर दिखाई जा रही जल्दबाज़ी इस बात का संकेत है कि भाजपा अब सत्ता से जाने वाली है।उनका आरोप है कि सरकार की मंशा महिला आरक्षण लागू करने की नहीं, बल्कि अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनगणना को टालना चाहती है, क्योंकि इससे जातिगत जनगणना और आरक्षण की मांग तेज हो सकती है, जिसे सरकार पूरा नहीं करना चाहती।
महंगाई, महिला सुरक्षा और आरक्षण पर वार
उन्होंने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें ‘आधी आबादी’ यानी महिलाओं का अधिकार भी शामिल है, जिसे दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने भाजपा पर चुनावी गड़बड़ी के आरोप भी लगाए और कहा कि अब ‘पीडीए प्रहरी’ के रूप में जनता सतर्क हो चुकी है, जिससे चुनाव में किसी भी तरह की हेराफेरी संभव नहीं होगी। महंगाई और महिलाओं की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों और सिलेंडर के दामों ने घरों की रसोई पर असर डाला है।
सरकारी स्कूल की स्थिति खराब
शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की स्थिति खराब की जा रही है। उन्होंने मेरठ और नोएडा की महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर महिलाएं परेशान हैं और उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर महिला आरक्षण बिल वास्तव में महिलाओं के हित में है, तो इसे आम महिलाओं के बीच जाकर घोषित किया जाना चाहिए।
महिला आरक्षण के समर्थन में, लेकिन BJP की ‘चालबाज़ी’ पर सवाल
सपा प्रमुख ने आरक्षण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाते हुए इसे एक साज़िश बताया। उनका आरोप है कि सरकार पिछड़े वर्ग की महिलाओं के मुद्दे पर चुप है और जनगणना से बचने की कोशिश कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर जनगणना होती है, तो जातिवार आंकड़े और आरक्षण की मांग उठेगी, जिससे बचने के लिए यह रणनीति अपनाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पारदर्शी प्रक्रिया और सुधार के इस तरह का फैसला लोकतंत्र के खिलाफ है।
लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों को तुरंत राहत और जांच की उठाई आवाज
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ के टेढ़ी पुलिया इलाके में लगी भीषण आग को लेकर सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को तुरंत भोजन, पानी, इलाज और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही पूरे मामले की गहराई से जांच कर लापता लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट करने की भी मांग की। अखिलेश यादव ने सभी से पीड़ितों की हर संभव मदद करने की अपील की है।
