सपा प्रमुख ने कहा जातीय जनगणना जरूरी, आबादी के हिसाब से मांगा हक, LPG को बताया लापता गैस, जनता को सिर्फ लाइन में खड़ा किया
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास अपना कोई पाल समाज का नेता नहीं है। इसलिए वे सपा के नेताओं को गुमराह कर अपने साथ ले जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बताओ FIR कहां लिखवाएं?। अखिलेश यादव का यह बयान मौजूदा सियासी हलचल के बीच आया है, जिसे पार्टी नेताओं के दलबदल और राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
LPG को बताया लापता गैस
उत्तर प्रदेश की मौजूदा व्यवस्था और खासतौर पर एलपीजी संकट को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज एलपीजी का मतलब लापता गैस हो गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े हैं, लेकिन सरकार के पास इस समस्या से निपटने की कोई ठोस रणनीति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यह हालात कोरोना काल की याद दिला रहे हैं, जब लोग जरूरी चीजों के लिए घंटों लाइन में खड़े रहते थे।
सरकार की तैयारियों पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने सीधे सवाल किया कि “जो परेशानी आज दिख रही है, उसकी तैयारी सरकार ने पहले क्यों नहीं की?”उन्होंने सिलेंडर के वजन को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर 14.2 किलो से घटाकर 10 किलो करने की योजना थी, तो उसी हिसाब से सप्लाई भी बढ़ाई जानी चाहिए थी।
जनता को सिर्फ लाइन में खड़ा किया
एसपी चीफ ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा सरकार में लाइन के सिवा मिला क्या है?”उनका कहना था कि सरकार जनता को सुविधाएं देने में विफल रही है, और सिर्फ इंतजार करने की आदत डाल दी है। उन्होंने PDA और राजनीति पर भी हमला किया। बोले – अखिलेश यादव ने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर कहा कि “भाजपा PDA से घबराई हुई है, जितनी पीड़ा बढ़ेगी, PDA उतना मजबूत होगा।”उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा छवि खराब करने के लिए पैसे खर्च करती है, और यह दुनिया की पहली ऐसी पार्टी होगी, जो इस तरह की राजनीति करती है।
महिला आरक्षण और जातीय जनगणना पर रुख साफ
सपा प्रमुख ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होना चाहिए,लेकिन इसमें पिछड़े, दलित और आदिवासी महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने जातीय जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि सभी जातियों को उनकी आबादी के हिसाब से अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर समाजवादी पेंशन योजना दोबारा शुरू होगी। युवाओं को लैपटॉप दिए जाएंगे, गरीब परिवारों के लिए 40 हजार रुपये की ‘स्त्री समृद्धि योजना’ लाई जाएगी।
मिर्जापुर के बाद ‘गांजा गंज’?
सपा प्रमुख ने अपने बयान में तंज कसते हुए कहा कि “सुना है मिर्जापुर के बाद गांजा गंज बनने जा रही है सीरीज।”उनका यह बयान मौजूदा राजनीतिक माहौल पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर यह टिप्पणी तेजी से वायरल हो रही है और सियासी हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
छवि खराब करने पर पैसे खर्च करती है BJP
उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि यह दुनिया की पहली ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो विरोधियों की छवि खराब करने के लिए पैसे खर्च करती है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा“अगर दाना खत्म तो गाना खत्म।”अखिलेश यादव का यह बयान मौजूदा सियासी माहौल में राजनीतिक बयानबाजी को और तेज करता नजर आ रहा।
