सपा प्रमुख बोले – भाजपा का छल और धोखा अब नहीं चलेगा,नर्सिंग स्टूडेंट की सुनी पीड़ा,परीक्षा अनियमितताओं पर उठाए सवाल, कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल के परिवार से मिले,
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत होती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का छल, बल और धोखा काम नहीं आने वाला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली को समझ चुकी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं तथा कई जिलों में हुई घटनाओं में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दोषियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि निर्दोषों पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने समाजवादी सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को सुरक्षा और सहायता मिलती थी, जिसे वर्तमान सरकार ने निष्क्रिय कर दिया।
सरकार से भूमाफियाओं को संरक्षण

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है और भूमाफियाओं को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी। इसी दौरान मेरठ के सरधना क्षेत्र की राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और कई पदक जीत चुकी 17 वर्षीय अनुष्का पाल के परिजनों ने भी पार्टी मुख्यालय पहुंचकर अखिलेश यादव से मुलाकात की। अनुष्का की हाल ही में कथित अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
सपा ने हमेशा अन्याय के खिलाफ
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ी रही है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। परिजनों ने सरकार से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। अखिलेश यादव ने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीड़ित परिवार की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वादे पूरे नहीं हुए, तो जनता देगी जवाब

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि 14 दिन में छुट्टा पशुओं की समस्या खत्म करने का वादा करने वालों को अब अपने दावों का जवाब देना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि यदि समस्या के लिए जनता को ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, तो फिर समाधान के बड़े-बड़े वादे क्यों किए गए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “दिल्ली की पर्ची सिर्फ किसी को बनाने के लिए नहीं आती, वहां की पर्ची पर पूरी कैबिनेट भी बदल जाती है।”
अयोध्या में आस्था को पहुंची ठेस
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अयोध्या में कथित चढ़ावा,चंदा, दान और शिला से जुड़े विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में उन्होंने कहा कि इस मामले से श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हुई है और अयोध्या आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या पर भी नकारात्मक असर पड़ा है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इस विवाद का सीधा असर स्थानीय व्यापार, रोजगार और आम लोगों की आय पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथित गलतियों का खामियाजा जनता को नहीं भुगतना चाहिए। सपा प्रमुख ने मामले की जांच में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि जांच की प्रगति पर नियमित जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों का समाधान हो सके। उन्होंने मथुरा से सामने आई कथित अनियमितताओं की खबरों का भी उल्लेख करते हुए उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की
मांग की।
‘टिकटार्थियों के बाद अब अधिकारी और ठेकेदार भी कर रहे ढुंढाई पंचायत’
पूर्व सीएम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भाजपा से जुड़े एक मंत्री पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पहले टिकट की उम्मीद रखने वाले लोग संबंधित नेता को तलाश रहे थे, जबकि अब कथित तौर पर अधिकारी और ठेकेदार भी उन्हें खोजने के लिए बैठकें कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि ट्रांसफर -पोस्टिंग, ठेके और राजनीतिक टिकट दिलाने के नाम पर लोगों से अग्रिम धनराशि लेने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन पैसों के दम पर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे, वही अब संबंधित लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
नर्सिग छात्रों ने सुनाया दर्द
बीएससी नर्सिंग के छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी पार्टी मुख्यालय में अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। छात्रों ने नीट परीक्षा और कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट से जुड़े परिणामों तथा उत्तर कुंजी में कथित त्रुटियों की शिकायत करते हुए कहा कि इससे हजारों परीक्षार्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। छात्रों ने काउंसलिंग प्रक्रिया में जल्दबाजी और अपनी समस्याएं उठाने पर अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका ज्ञापन स्वीकार किया और उनकी चिंताओं के समाधान के लिए आवाज उठाने का भरोसा दिया।
सिखों के पांचवें के शहीदी दिवस पर दी श्रद्धांजलि
इसके अलावा अखिलेश यादव ने सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव का आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा तथा गुरु ग्रंथ साहिब के संपादन और प्रचार-प्रसार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
