विद्या भारती बरेली महानगर संकुल की प्रतियोगिता में आठ टीमों ने लिया हिस्सा, सुखमनी कौर और सिया शर्मा ने कई स्पर्धाओं में हासिल किए प्रथम स्थान, बालक वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बरेली : विद्या भारती बरेली महानगर संकुल की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-11 वर्ग की चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में महानगर संकुल की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न दौड़, कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक और कुश्ती स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में नैनीताल मार्ग विद्यालय की सुखमनी कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, 400 मीटर दौड़ के साथ ऊंची कूद और लंबी कूद में सिया शर्मा ने पहला स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। गोला फेंक और चक्का फेंक में रामपुर बाग विद्यालय की लक्ष्मी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन

बालक वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 100 मीटर दौड़ में आकाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 200 मीटर दौड़ में रामपुर बाग विद्यालय के वेदांश विजेता रहे। 400 मीटर दौड़ में हर्षित गुर्जर और लंबी कूद में शोभित ने पहला स्थान हासिल किया। गोला फेंक में हर्षित गुर्जर तथा चक्का फेंक में हिमांशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ी सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग के विद्यार्थी हैं।
कुश्ती में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के साथ आयोजित कुश्ती स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 27 किलोग्राम भार वर्ग में कृष्णा गंगवार और 33 किलोग्राम भार वर्ग में शिक्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 41 किलोग्राम भार वर्ग में रामपुर बाग के आह्वान प्रताप विजेता रहे। वहीं, 30 किलोग्राम भार वर्ग में बॉबी ठाकुर और धर्म राजपूत ने प्रथम स्थान हासिल किया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, व्यवस्थापक दिनेश मलिक, सह व्यवस्थापक राकेश शर्मा, भारतीय शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष डॉ.अनिल गर्ग, गांधीनगर विद्यालय के व्यवस्थापक ज्ञानेंद्र तथा जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मैदान में गोला फेंककर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन सत्र में जिला समन्वयक सुनील कुमार सिंह पुंडीर ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की गई।विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडेय ने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में संकुल के सभी प्रधानाचार्य और शारीरिक प्रमुख उपस्थित रहे। प्रतियोगिता से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। आयोजन की जानकारी शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने दी।
