एसपी चीफ ने कहा- सपा गठबंधन नहीं तोड़ती, साथ लेकर चलती है, बुलेटप्रूफ जैकेट पर बोले- मिलेगी तो पत्रकार को दे दूंगा, डॉ.उदय प्रताप सिंह की किताब “अभिनंदन ग्रंथ” का किया विमोचन
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ‘BJP’ का नया अर्थ ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ बताते हुए भाजपा की नीतियों पर निशाना साधा। इसके साथ ही समाजवादी विचारधारा, PDA, सामाजिक न्याय, गठबंधन, महंगाई, चीनी की कीमत, एथेनॉल और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी कई अहम बयान दिए। यह कार्यक्रम हिंदी साहित्य के कवि और स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के गुरु रहे उदय प्रताप सिंह की पुस्तक ‘अभिनंदन ग्रंथ’ के विमोचन के अवसर पर आयोजित किया गया था।के अखिलेश ने उदय प्रताप सिंह को हिंदी साहित्य का देश का बड़ा कवि बताते हुए सम्मान व्यक्त किया।
समाजवादी चिंतन ही समाज को दिशा देगा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी चिंतन ही समाज को दिशा दिखा सकता है।उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य समाजवादी विचारधारा और PDA आंदोलन के माध्यम से सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए सरकार बनाना है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। इसके साथ ही डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों के लिए बेहतर योजनाएं चलाने की बात भी कही।
BJP का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि BJP का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’ है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। उन्होंने भाजपा पर PDA समाज के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज के लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और पुलिस की बर्बरता का आरोप लगाया।
चीनी महंगी होने पर एथेनॉल नीति पर सवाल
चीनी की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने एथेनॉल नीति पर भी सवाल खड़े किए।उन्होंने आरोप लगाया कि मुनाफे के लिए पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है, और इसी वजह से चीनी महंगी हो रही है।हालांकि, चीनी की कीमतों में उतार-चढ़ाव कई आर्थिक और बाजार संबंधी कारणों पर निर्भर करता है। एथेनॉल उत्पादन, गन्ने की उपलब्धता, चीनी उत्पादन, मांग-आपूर्ति और सरकारी नीतियां इसके प्रमुख कारकों में शामिल हो सकती हैं।
सपा गठबंधन नहीं तोड़ती, साथ निभाती है
गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती। उन्होंने कहा कि सपा जब किसी को साथ लेकर चलती है तो साथ निभाती है। भाजपा के सहयोगी दलों को लेकर भी उन्होंने तंज कसा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा को अपने सहयोगी दलों को ज्यादा सीटें देनी चाहिए।उन्होंने कहा कि अगर उन्हें 120 सीटें नहीं दी जाती हैं, तो यह उनके समाज और चौधरी चरण सिंह का अपमान होगा।
परिवारवाद पर बोले- कभी-कभी फायदा भी होता है
परिवारवाद के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि कभी-कभी परिवारवाद के फायदे को भी समझना चाहिए। उन्होंने लोकसभा में सांसदों को तोड़े जाने की चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी इसलिए नहीं टूटी क्योंकि उसके कई सांसद एक ही परिवार से थे।उन्होंने कहा कि पार्टी में कई मुस्लिम सांसद और पक्के समाजवादी भी थे। इसलिए संख्या बढ़ती गई। अखिलेश ने इसी संदर्भ में कहा कि कभी -कभी परिवारवाद का फायदा भी होता है।
बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी तंज
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपनी सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने की खबर पर भी पत्रकारों से बातचीत में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी जैकेट नहीं मिली है और अगर मिलेगी तो वह पत्रकार को दे देंगे। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग दूसरों को गुंडा कहते हैं, वे खुद कितने बड़े गुंडे निकले। उन्होंने PDA समाज से जुड़े लोगों के साथ कथित व्यवहार और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा।
साहित्य और समाजवादी विचारधारा पर जोर
कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने उदय प्रताप सिंह की साहित्यिक भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हिंदी साहित्य में उदय प्रताप सिंह का महत्वपूर्ण स्थान है। इस मौके पर समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के मुद्दे को भी उन्होंने अपने राजनीतिक एजेंडे से जोड़ा।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
