लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता, बटेश्वर कॉरिडोर और भाजपा की कार्यशैली पर उठाए सवाल, कहा- वादाखिलाफी और अहंकार का जवाब जनता देगी
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अधूरी परियोजनाओं और वादाखिलाफी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे परियोजनाओं से लेकर जल जीवन मिशन तक भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है। उनका दावा है कि कई परियोजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं और उद्घाटन के कुछ ही समय बाद सड़कें धंसने व डामर उखड़ने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।
उद्घाटन के बाद ही धंसने लगे एक्सप्रेसवे
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे में उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद मरम्मत की जरूरत पड़ना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बटेश्वर कॉरिडोर के निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि जो लोग इन मुद्दों को उठाते हैं, उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ता है।
जनता भाजपा के वायदों का भरोसा नहीं करती
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा की राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं का सबसे बड़ा संकट यह है कि जनता अब उनके वादों पर भरोसा नहीं करती। उनका कहना था कि यदि भाजपा जनता से माफी भी मांगे तो लोग उसे स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि सरकार ने अपने अधिकांश वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधियों पर दबाव बनाना और बयान बदलवाने की कोशिश भाजपा की पुरानी राजनीतिक शैली है, लेकिन इससे जनता का आक्रोश और बढ़ रहा है।
लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल कर देगी जवाब
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर गुणवत्ता चाहती है तथा आने वाले समय में जनता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल कर इसका जवाब देगी।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
