समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
जल जीवन मिशन, एक्सप्रेसवे, स्वास्थ्य सेवाओं और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा, कहा- 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बजट की लूट मची हुई है और लगभग हर विभाग में घोटाले, भ्रष्टाचार तथा अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि झूठ, लूट और बेईमानी भाजपा सरकार की पहचान बन चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा कि एक्सप्रेसवे और अन्य निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। उन्होंने हाल ही में बने लखनऊ -कानपुर एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए दावा किया कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई। इसके कारण सड़क कई स्थानों पर धंस गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बनी अन्य सड़कों की स्थिति भी इसी तरह की है।
अखिलेश बोले – विकास नहीं, सिर्फ लूट

सपा प्रमुख ने जल जीवन मिशन को भी निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि यह योजना जनता को लाभ पहुंचाने के बजाय भ्रष्टाचार का माध्यम बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई स्थानों पर पानी की टंकियां गिरने या क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं, जो निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती हैं। किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें समय पर डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो रही है।जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की कमी

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर, प्रोफेसर और तकनीकी स्टाफ की कमी है। इस कारण मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कार्यशैली से निराश है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार तथा कथित विफलताओं के मुद्दे पर भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
E-20 पेट्रोल के विरोध में सपा का हंगामा, हजरतगंज में प्रदर्शन, पुलिस ने कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में

सपा के युवा संगठनों ने शनिवार को राजधानी के हजरतगंज चौराहे पर पेट्रोल में मिलावट और E-20 ईंधन के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ और वाहन चालकों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर बसों के जरिए इको गार्डन भेज दिया। सपा नेताओं ने मांग की कि सरकार E-20 ईंधन और पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट एवं पारदर्शी नीति बनाए।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
