सीमित सीटों पर ओपन रैंक और मेरिट के आधार पर होगा प्रवेश, अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ होना होगा उपस्थित
बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) के रसायन विज्ञान विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमएससी (रसायन विज्ञान) प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु चौथे चरण की काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह उन पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर होगा, जो पहले, दूसरे और तीसरे चरण की काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सके थे। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार चौथे चरण की काउंसलिंग 10 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे रसायन विज्ञान विभाग (बेसिक साइंस एंड ह्यूमैनिटीज भवन) में आयोजित होगी। प्रवेश सीमित सीटों पर ओपन रैंक और मेरिट के आधार पर दिया जाएगा।
श्रेणीवार उपलब्ध सीटें
विश्वविद्यालय के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए एक सीट, ओबीसी वर्ग के लिए चार सीटें (2+2), एससी/एसटी के लिए दो सीटें (1+1) तथा सशस्त्र बल, स्वतंत्रता सेनानी और दिव्यांग श्रेणी के लिए दो सीटें उपलब्ध हैं। यदि काउंसलिंग के दौरान शाम 4 बजे तक आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी उपस्थित नहीं होते हैं, तो संबंधित सीटों को नियमानुसार अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से भरा जाएगा।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान सभी मूल अंकपत्र, प्रमाणपत्र, डिग्री, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, भारांक संबंधी दस्तावेज, ऑनलाइन आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित प्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा सभी दस्तावेजों की स्व-सत्यापित प्रतियां साथ लानी होंगी।विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल काउंसलिंग के लिए बुलाए जाने से प्रवेश की गारंटी नहीं होगी। सीटें भरते ही प्रवेश प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी। एमएससी (रसायन विज्ञान) का वार्षिक शुल्क 27,050 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान डीडी, यूपीआई या नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकेगा।
