कांवड़ मार्ग पर नॉनवेज बिक्री पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, दुकान का टिनशेड और काउंटर ध्वस्त
बरेली : यूपी के बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान लागू प्रशासनिक प्रतिबंधों के उल्लंघन के मामले में शनिवार को पुलिस और नगर पालिका ने संयुक्त कार्रवाई कर एक नॉनवेज बिरयानी की दुकान पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान दुकान का टिनशेड और काउंटर ध्वस्त कर दिया गया, जबकि दुकानदार को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र के अन्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह मामला बहेड़ी के नए रोडवेज बस स्टैंड के सामने हाईवे किनारे स्थित एक दुकान का है। पुलिस के मुताबिक मोहल्ला लोधीपुरा निवासी सलमान यहां मुर्ग बिरयानी की दुकान संचालित करता है।प्रशासन द्वारा सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में मांस एवं उससे बने खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के बावजूद दुकान पर नॉनवेज बिरयानी बेचे जाने की सूचना मिली।
एक संगठन की शिकायत पर कार्रवाई
बताया जाता है कि विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शानू गंगवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस, नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच में नियमों के उल्लंघन की बात सामने आने पर टीम ने बुलडोजर से दुकान का टिनशेड और काउंटर हटवा दिया। इसके साथ ही दुकानदार सलमान को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया।
निर्देशों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग और प्रतिबंधित क्षेत्रों में लागू निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है कि निर्धारित क्षेत्रों में मांस, चिकन और मछली की बिक्री न हो। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
