बारामती : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार का बुधवार सुबह विमान हादसे में निधन हो गया। महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। अजित पवार का अंतिम संस्कार आज बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। इससे पहले अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग नम आंखों से अजित पवार को अंतिम विदाई दे रहे हैं।
अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बारामती पहुंचे आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी अंतिम संस्कार में शामिल होने बारामती पहुंचे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मंत्री पंकजा मुंडे और राधाकृष्ण विखे पाटिल भी विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंच गए हैं। अजित पवार का पार्थिव शरीर विद्या प्रतिष्ठान मैदान की ओर बढ़ रहा है। भारी संख्या में समर्थक उनकी शव यात्रा के पीछे-पीछे चल रहे हैं। सड़कों पर लोग अपने नेता को आखिरी श्रद्धांजलि देने के लिए जमा हुए हैं।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंचे हैं। अजित पवार के पार्थिव शरीर को ले जा रहा वाहन अंतिम संस्कार स्थल की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान समर्थक भारी संख्या में पीछे चल रहे हैं। बारामती में बड़ी संख्या में लोग विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड की ओर जा रहे हैं। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने शरद पवार से मुलाकात की और अजित पवार के निधन पर संयुक्त रूप से शोक व्यक्त किया।
