बरेली : जिलाधिकारी अविनाश सिंह के परिवार पर गहरा शोक छा गया, जब उनके पिता का गंभीर बीमारी के चलते गुरुवार सुबह एसआरएमएस में निधन हो गया। वह 7 दिसंबर से भर्ती थे। इस दुखद खबर के सामने आते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। प्रशासनिक महकमे से लेकर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र तक हर वर्ग ने इस पर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान डीआईजी अजय कुमार सहनी, सीडीओ,सभी एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह समेत सियायत, सामाजिक और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े तमाम लोग सांत्वना देने पहुंचे। उनका अंतिम संस्कार प्रयागराज में स्थित रसूलाबाद घाट पर होगा।परिवार प्रयागराज को शुक्रवार को रवाना होगा। बताया जाता है कि डीएम के पिता पीएफ डिपार्टमेंट में थे। यह मूल रूप से जौनपुर जिले के रहने वाले हैं।
लंबे समय से चल रहा था इलाज
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, डीएम अविनाश सिंह के पिता पिछले कई महीनों से अस्वस्थ थे और उनका इलाज लगातार चल रहा था। उनका बरेली के निजी अस्पताल वेदांत में भी इलाज किया गया। उम्र से जुड़ी परेशानियों के साथ-साथ अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। गुरुवार को अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
डीएम आवास पर जुटा प्रशासनिक अमला
निधन की सूचना मिलते ही बरेली का पूरा प्रशासनिक तंत्र डीएम आवास पहुंच गया। अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी वहां मौजूद रहे और डीएम अविनाश सिंह को इस कठिन घड़ी में सांत्वना दी। डीएम आवास पर शोक और संवेदना का माहौल बना रहा।
सादगी और संस्कारों के प्रतीक थे दिवंगत
डीएम के पिता को एक सरल, अनुशासित और मूल्यों से जुड़े व्यक्ति के रूप में जाना जाता था। उन्होंने हमेशा शिक्षा, नैतिकता और पारिवारिक संस्कारों को प्राथमिकता दी। उनके जीवन के यही सिद्धांत परिवार और उनके पुत्र के प्रशासनिक कार्यों में भी दिखाई देते हैं।
पारिवारिक रीति से होगा अंतिम संस्कार
परिजनों ने बताया कि अंतिम संस्कार पूरी सादगी और पारिवारिक परंपराओं के अनुसार किया जाएगा। इस दौरान केवल परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार ही शामिल होंगे। इस दुखद घटना पर जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों ने गहरी संवेदना प्रकट की है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की है।
