मृतक के परिजन जानकारी देते हुए
बरेली : यूपी के बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
अभयपुर केसरपुरा निवासी 26 वर्षीय नसीब की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। एक सप्ताह पहले वह धौराटांडा क्षेत्र में बिजली लाइन शिफ्टिंग का काम करते समय पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद नसीब को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार रात उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी और छोटी बेटी पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक नसीब की पत्नी मैराज का रो-रोकर बुरा हाल है। नसीब की एक छोटी बेटी है, जो अब अपने पिता की ममता से वंचित हो गई है। परिवार के लोग और रिश्तेदारों का कहना है कि नसीब मेहनती युवक था और प्राइवेट नौकरी कर अपने घर का खर्च चलाता था।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा किस लापरवाही की वजह से हुआ।
गांव में मातम, लोगों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
नसीब की मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली लाइन के काम में सुरक्षा इंतज़ाम बेहद कमजोर रहते हैं, जिससे ऐसे हादसे अक्सर होते हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली विभाग के कार्यों में सुरक्षा उपकरणों और मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों।
