बरेली : यूपी के बरेली ज़िले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के झंडुली गांव से सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर खेतों के पास नीम के पेड़ से युवक और युवती के शव फंदे पर लटके हुए पाए गए। दोनों कई दिनों से लापता थे। सुबह ग्रामीणों ने जब यह मंज़र देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई।
एक ही रस्सी से लटके मिले शव, दोनों की उम्र करीब 18 वर्ष
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक (18 वर्ष) और युवती (18 वर्ष) दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। सोमवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए, तो उन्होंने देखा कि नीम के पेड़ से दोनों एक ही रस्सी से लटके हुए हैं। इसके बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
प्रेम संबंध का मामला, नौ दिन पहले हुए थे गायब
जानकारी के मुताबिक, युवक नौ दिन पहले घर से “घास काटने” की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसी दिन पास की रहने वाली युवती भी अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
27 सितंबर को युवती के परिवार ने युवक पर लड़की को भगाने का आरोप लगाते हुए फरीदपुर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। तब से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।
युवक था परिवार का सहारा
ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, मृत युवक अपने घर का मुख्य सहारा था। मजदूरी कर वह घर चलाता था। दो बहनों में सबसे छोटा भाई होने के नाते पूरा परिवार उसी पर निर्भर था।
पुलिस ने शव भेजे पोस्टमार्टम को, जांच जारी
सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
थाना प्रभारी का कहना है कि, “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि दोनों ने आत्महत्या की या कोई अन्य कारण रहा।”
