The Justice HINDI
बरेली : शारदा पूर्णिमा के पवित्र स्नान के दिन सोमवार को बरेली मातम में बदल गया। फरीदपुर थाना क्षेत्र के खल्लपुर घाट पर रामगंगा नदी में नहाने गईं दो किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से एक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी किशोरी की तलाश SDRF टीम कर रही है। जानकारी के मुताबिक, फरीदपुर क्षेत्र के सितारगंज गांव से करीब 10 किशोरियां सोमवार सुबह ऑटो से रामगंगा के खल्लपुर घाट पर स्नान के लिए पहुंचीं। शारदा पूर्णिमा पर पारंपरिक तौर पर महिलाएं व लड़कियां पवित्र नदियों में स्नान करती हैं।
अचानक चली गई गहरे पानी में
इंस्पेक्टर फरीदपुर ने “The Justice HINDI” को बताया नहाते समय अनीता (17 वर्ष) अचानक गहरे पानी में चली गई, और डूबने लगी। यह देख उसकी सहेली पूनम (17 वर्ष) उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई, लेकिन वह भी तेज बहाव में बह गई। मौके पर मौजूद अन्य किशोरियों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को खोजने की कोशिश की।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस और SDRF टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से अनीता का शव बरामद कर लिया गया, जबकि पूनम की तलाश अब भी जारी है। फरीदपुर इंस्पेक्टर का कहना है कि “दोनों लड़कियां घाट से नदी में स्नान को गई थीं। एक का शव निकाल लिया गया है, दूसरी की तलाश SDRF कर रही है। परिवार को सूचना दे दी गई है।”
गांव में मातम, घाट पर उमड़ी भीड़
घटना की खबर मिलते ही सितारगंज गांव में कोहराम मच गया। मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचते ही रो-रोकर बेहाल हो गए। रामगंगा घाट पर सैकड़ों लोग जुट गए, जबकि पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रामगंगा के घाटों पर सुरक्षा के इंतज़ाम और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। बताया जा रहा है कि खल्लपुर घाट पर कोई सुरक्षा घेरा या गोताखोर नहीं थे।
