एसएसपी समेत पुलिस अफसर मौके पर, फॉरेंसिक टीम ने की जांच पड़ताल
मेरठ/ लखनऊ : यूपी के मेरठ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव स्याल में शनिवार आधी रात को बदमाशों ने एक मकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर 71 वर्षीय बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मेरठ जिले के देहात के स्याल गांव निवासी तेजपाल (71 वर्ष) अपनी पत्नी सरोज के साथ रहते थे। शनिवार रात कई बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। उन्होंने अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली। इसी दौरान तेजपाल की नींद खुल गई और उन्होंने चोरी का विरोध किया। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें पकड़कर गला घोंट दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद लुटेरे चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।
फॉरेंसिक टीम ने लिया घटना का जायजा
रविवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा फोरेंसिक टीम और पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बारीकी से जांच की गई। परिजनों से पूछताछ की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसएसपी ने मीडिया को बताया कि मृतक तेजपाल ब्याज का काम करते थे। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
हत्या के बाद इलाके में दहशत
तेजपाल की हत्या के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। साथ ही, स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
