अभ्यर्थी बोले- गणित ने उलझाया, हिंदी ने दी राहत, बरेली जंक्शन पर उमड़ी भारी भीड़, स्पेशल ट्रेनें भी पड़ी कम, दूर-दराज़ से आए अभ्यर्थी बोले- परीक्षा केंद्र बहुत दूर, यात्रा से हुई परेशानी
बरेली : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 शनिवार से बरेली में शुरू हुई। इस बार जिले में 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए, जिन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सुबह से ही अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक हुई। पहले दिन लगभग 41,000 से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। हालांकि, दोनों पालियों में लगभग 9,400 परीक्षार्थी अनुपस्थित भी रहे।
गणित ने उलझाया, हिंदी ने दी राहत
परीक्षा के बाद बाहर निकले छात्रों ने बताया कि गणित के सवाल कठिन और समय लेने वाले थे। जिससे पेपर मैनेज करना मुश्किल हुआ। वहीं, हिंदी सेक्शन को अभ्यर्थियों ने आसान और स्कोरिंग” बताया। प्रयागराज से आए मोहित सिंह बोले- हिंदी बहुत आसान रही, पर गणित में समय ज्यादा लग गया। बरेली कॉलेज सेंटर से निकले नवल कुमार ने कहा गणित के सवाल काफी उलझे हुए थे, जिससे समय पर पूरा पेपर करना मुश्किल हुआ।
दूर के परीक्षा केंद्रों से अभ्यर्थी परेशान
कई परीक्षार्थियों ने कहा कि इस बार केंद्र बहुत दूर बनाए गए। अयोध्या और प्रयागराज से आए अभ्यर्थियों ने केंद्र की दूरी और यात्रा खर्च को बड़ी समस्या बताया। कई छात्रों ने तो दूरी की वजह से परीक्षा ही छोड़ दी।
परीक्षा के बाद जंक्शन पर हंगामा
परीक्षा के बाद बरेली जंक्शन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन में चढ़ने के लिए अफरातफरी मच गई। कई परीक्षार्थी आपातकालीन खिड़की से भी ट्रेन में चढ़ते दिखे। महिला अभ्यर्थियों को धक्का-मुक्की में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाईं, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि इंतजाम नाकाफी साबित हुए।
PET 2025: आंकड़ों में परीक्षा
पूरे यूपी में लगभग 25 लाख परीक्षार्थी PET में शामिल हो रहे हैं। बरेली में बने 45 केंद्रों पर 2 दिन में लगभग 83,520 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा का आयोजन हर साल होता है, लेकिन इस बार चयनित उम्मीदवारों की वैधता अवधि है।
