लोग बोले – रीलबाजी ठीक है मंत्री जी, गार्ड्स का भी ख्याल रखिए
प्रयागराज/लखनऊ : यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री जी साइकिल चलाते हुए नजर आते हैं, जबकि उनके सुरक्षाकर्मी उनके पीछे-पीछे दौड़ते हुए दिखते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं और मंत्री जी से सुरक्षाकर्मियों का ख्याल रखने की नसीहत दे रहे हैं।
जाने वीडियो कैसे हुआ वायरल?
दरअसल, रविवार सुबह प्रयागराज के ब्याज हाईस्कूल परिसर में Bikeathon-17 साइकिल रैली का आयोजन किया गया था। रैली में शामिल बच्चों और युवाओं के साथ मंत्री नंद गोपाल नंदी ने भी साइकिल चलाई। मंत्री जी ने इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। हालांकि, वीडियो में साफ दिख रहा है कि मंत्री जी के पीछे-पीछे उनके सुरक्षाकर्मी दौड़ते हुए नज़र आ रहे हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी खिंचाई शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर तंज
एक यूजर ने लिखा- मंत्री जी, रीलबाजी तक तो ठीक है, लेकिन सुरक्षाकर्मियों का भी ख्याल रख लीजिए। दूसरी यूजर प्रिया सिंह ने पोस्ट किया मंत्री जी का भौकाल देखिए… खुद रील बना रहे हैं,और पीछे पूरा लश्कर दौड़ रहा है।
संदेश तो स्वास्थ्य का, लेकिन ट्रोलिंग ज्यादा
कार्यक्रम का मकसद स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और साइकिलिंग के लाभों के प्रति जागरूकता फैलाना था। मगर, वीडियो के वायरल होने के बाद मंत्री नंदी को जितनी सराहना नहीं मिली, उससे ज्यादा उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
