नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सच बोलने पर मनाही है, शॉर्टकट राजनीति को लेकर भी कसा तंज
नागपुर/ लखनऊ : अक्सर अपने बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिस पर खूब चर्चा हो रही है। गडकरी ने नागपुर में आयोजित अखिल भारतीय महानुभाव परिषद में कहा- “जो लोगों को सबसे अच्छा मूर्ख बना सकता है, तो वहीं सबसे अच्छा नेता हो सकता है।”
जानें गडकरी ने और क्या कहा ?
गडकरी ने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में बोलना आसान है लेकिन करना कठिन होता है, उन्होंने यह भी कहा कि “मैं जिस क्षेत्र में काम करता हूं, वहां मन से सच बोलने पर मनाही है।” अपने संबोधन में उन्होंने मराठी कहावत “हौसे, नवसे, गवसे” का जिक्र करते हुए कहा कि “लोगों को सबसे अच्छा मूर्ख बनाने वाला ही सबसे अच्छा नेता हो सकता है।”इसके साथ ही गडकरी ने शॉर्टकट राजनीति पर भी तंज कसा और कहा- शॉर्टकट कट यू शॉर्ट। ईमानदारी, विश्वसनीयता और सत्य ही समाज के असली मूल्य हैं।
गडकरी के अंदाज़ की खासियत
नितिन गडकरी भारतीय राजनीति के उन नेताओं में गिने जाते हैं, जो अपनी सीधी और खुली बात कहने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने मंच से साफ कहा –“मैं काम करता हूं। अगर अच्छा लगे तो मुझे वोट करना, नहीं तो मत करना।”गडकरी का यह अंदाज़ ही उन्हें बाकी नेताओं से अलग बनाता है।
