लखनऊ/पटना : बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बिहार विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद, राज्यसभा सांसद एवं केंद्रीय कोऑर्डिनेटर रामजी गौतम और प्रदेश इकाई को सौंपी है। मायावती ने पार्टी की अगले महीने से शुरू होने वाली यात्रा और जनसभाओं की विशेष तैयारी इन्हीं नेताओं के जिम्मे दी है। सभी कार्यक्रम मायावती के निर्देश और निगरानी में होंगे।
बसपा अकेले लड़ेगी चुनाव
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीते दो दिनों में मायावती ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने साफ कहा कि बिहार जैसे बड़े राज्य में बसपा को मजबूती से उतरना है और इस बार पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। मायावती ने संगठन को निर्देश दिए कि चुनावी तैयारी में कोई कमी न छोड़ी जाए और कार्यकर्ता तन, मन और धन से जुटें। पार्टी ने बिहार की सभी विधानसभा सीटों को तीन जोन में बांटकर वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिले से बूथ स्तर तक बनेंगी कमेटी
बसपा सुप्रीमो ने दावा किया कि बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए पार्टी का प्रदर्शन इस बार बेहतर रहेगा। उन्होंने ओडिशा और तेलंगाना में भी संगठनात्मक तैयारी की समीक्षा की और यूपी की तर्ज पर वहां जिला से बूथ स्तर तक कमेटियों के गठन और जनाधार बढ़ाने पर जोर दिया।
