पटना/लखनऊ : बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के बाद अब राज्य के हर मतदाता को नया पहचान पत्र जारी करने की तैयारी चल रही है। चुनाव आयोग के अधिकारी ने मीडिया को बताया कि मतदाता सूची अपडेट करने के बाद सभी को नए वोटर आईडी कार्ड दिए जाएंगे। हालांकि, इन्हें जारी करने की तारीख और प्रक्रिया पर अभी अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक, जब मतदाताओं को गणना प्रपत्र दिए गए थे, तो उनसे अपनी नवीनतम तस्वीर के साथ दस्तावेज़ जमा करने को कहा गया था। यही तस्वीर अब रिकॉर्ड अपडेट करने और नया वोटर कार्ड जारी करने में इस्तेमाल होगी।
बिहार में 7.24 करोड़ मतदाता
1 अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची के अनुसार, बिहार में 7.24 करोड़ मतदाता हैं। अंतिम सूची 30 सितम्बर को प्रकाशित होगी। इसके बाद नवंबर में राज्य विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। क्योंकि, वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवम्बर को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग ने बताया कि गणना फॉर्म भरने वालों में से 99% लोगों ने दस्तावेज़ जमा कर दिए हैं, जबकि लगभग 30,000 लोगों ने नाम जुड़वाने की याचिका दी है क्योंकि, उनका नाम मसौदे में नहीं था।
मतदान केंद्र की संख्या 77,000 से बढ़कर 90,000
देश का बिहार पहला राज्य है, जहां मतदाता केंद्रों पर भीड़ कम करने के लिए युक्तिकरण प्रक्रिया लागू की गई है। इसके तहत प्रति मतदान केंद्र मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 कर दी गई है। इस बदलाव के कारण राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 77,000 से बढ़कर 90,000 हो गई है। आयोग का कहना है कि यह व्यवस्था आगे चलकर पूरे देश में लागू की जाएगी।
