बरेली : यूपी के बरेली देहात के भमोरा थाना क्षेत्र में गणेश चतुर्थी की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अंशुल सोनी उर्फ महाकाल दीवाना पंडाल सजा रहे थे, तभी झूलते हाईवोल्टेज तार की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अंशुल चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे, और बिनावर थाना क्षेत्र के विजय नगला में सोने-चांदी की दुकान चलाते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 6 माह का मासूम बेटा अब अनाथ हो गया और पत्नी नंदिनी एवं माता -पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा
गांव वालों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि झूलते तारों की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। भाजपा जिला कार्यालय मंत्री डॉ. टीआर गोले ने भी कहा कि अगर, समय रहते तार ठीक कर दिए जाते तो यह हादसा टल सकता था।
जानें क्या बोले विभागीय अफसर
भमोरा विद्युत उपखंड के जेई जागेश कुमार ने मीडिया से कहा कि युवक ने पंडाल लगाने से पहले शटडाउन नहीं लिया था। हालांकि, झूलते तारों पर वह कोई साफ जवाब नहीं दे पाए।
भमोरा एसओ सनी चौधरी का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
