शहर इज्जतनगर थाना क्षेत्र की घटना, युवक और पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग और शादी के दबाव से परेशान एक युवती ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने पीलीभीत निवासी युवक विक्की और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्ता टूटा, शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
करीब एक साल पहले युवती का रिश्ता विक्की से तय हुआ था। इसी दौरान उसने युवती की कुछ तस्वीरें मोबाइल में कैद कर लीं। इसके बाद में परिवार को पता चला कि विक्की नशे और जुए का आदी है और उसके चाल-चलन पर सवाल उठने लगे। परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया। इसके बाद विक्की ने युवती को धमकाना शुरू कर दिया,”शादी नहीं करोगी, तो तस्वीरें वायरल कर दूंगा।”
फेसबुक पर फोटो पोस्ट, घर पर किया हंगामा
आरोप है कि 24 अगस्त को विक्की ने युवती की तस्वीरें फेसबुक पर डाल दीं। परिवार ने आपत्ति जताई तो विक्की अपने पिता और कुछ लड़कों के साथ युवती के घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मानसिक दबाव में उठाया खौफनाक कदम
लगातार धमकियों और सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद युवती मानसिक दबाव में आ गई। उसने कीटनाशक पी लिया। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। इज्जतनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
