बरेली : महाराष्ट्र की परंपरा और संस्कृति को संजोते हुए बरेली में इस वर्ष भी श्री गणेश महोत्सव का आयोजन धूमधाम से होगा। 27 अगस्त से 2 सितंबर तक बाबूराम धर्मशाला, शिवाजी मार्ग, आलमगिरीगंज में आयोजित इस भव्य महोत्सव में शहर और आसपास के हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। संस्था के संस्थापक अनिल पाटिल के नेतृत्व में यह आयोजन पिछले 30 वर्षों से लगातार हो रहा है। इस बार विशेष रूप से महाराष्ट्र से विशालकाय श्री गणेश प्रतिमा मंगाई गई है, जिसका श्रृंगार और स्थापना पंच ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान होंगे धार्मिक- सांस्कृतिक कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान हर दिन सुबह आरती और रात 8 बजे धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महाराष्ट्र की परंपरा के अनुसार मोदक का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। 27 अगस्त को प्रतिमा की स्थापना, 28 अगस्त को भजन संध्या, 29 अगस्त को बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, 30 अगस्त को महाप्रसाद, 31 अगस्त को इंडियन डांस एकेडमी की प्रस्तुतियां, 1 सितंबर संकीर्तन और झांकियां, 2 सितंबर को हवन, पूजन और विसर्जन शोभायात्रा, विशेष आकर्षण के रूप में महाराष्ट्र से आए 100 कलाकार नासिक ढोल और ताशों की धुन पर शोभायात्रा में शामिल होंगे। दही-हंडी उत्सव भी शोभायात्रा का हिस्सा होगा।
बरेली में सजेंगे 200 से अधिक पंडाल
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश महोत्सव सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुका है। बरेली में अब 200 से अधिक पंडाल सजते हैं और लाखों भक्त बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
