भुता पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अलीगढ़ के प्रभात उपाध्याय को शादी का प्रलोभन देकर धर्म बदलवाने का आरोप, एक आरोपी फरार
बरेली : यूपी के बरेली जिले में पुलिस ने धर्मांतरण के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना भुता क्षेत्र के फैजनगर स्थित मदरसे पर सोमवार देर रात छापेमारी कर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया और अलीगढ़ निवासी प्रभात उपाध्याय को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।
जानें पूरा मामला
25 अगस्त को अखिलेश कुमारी (पत्नी स्व. अरविन्द उपाध्याय), निवासी अलीगढ़ ने थाना महुआ खेड़ा (अलीगढ़) में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके बेटे प्रभात उपाध्याय को शादी का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए रोका गया और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में थाना भुता में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी अब्दुल मजीद (35 वर्ष) निवासी फैजनगर, थाना भुता, सलमान (30 वर्ष) निवासी करेली, थाना सुभाषनगर, मोहम्मद आरिफ (29 वर्ष) निवासी करेली, थाना सुभाषनगर, और मोहम्मद फहीम (24 वर्ष) निवासी सैदपुर चुन्नीलाल, थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार किया है।
एक आरोपी फरार
पुलिस से एक आरोपी महमूद बेग, निवासी रहपुरा चौधरी, थाना इज्जतनगर फरार हो गए हैं। छापेमारी में पुलिस ने बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया। इसमें इस्लामिक धार्मिक किताबें, सीडी, तावीज, मुस्लिम टोपी, नकदी, मोबाइल, पैनड्राइव, पासपोर्ट, चेकबुक, लैपटॉप, कन्वर्जन सर्टिफिकेट, ब्लैंक सर्टिफिकेट, स्टाम्प पैड और मोहर शामिल हैं। पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में मदरसे पहुंची। मौके पर प्रभात को घेरकर चार युवक बैठे थे और उसने अपना नाम बदलकर “हामिद” बताया था। दबाव डालने पर उसने अपनी असली पहचान बताई। इसके बाद चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना भुता में अपराध संख्या 377/2025, धारा 140(3)/351(3) बीएनएस एवं 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत केस दर्ज किया गया है। चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
