ISS से लौटे शुभांशु शुक्ला का लखनऊ में जोरदार स्वागत, योगी बोले- गर्व है हमें बेटे पर
लखनऊ: यूपी सरकार ने प्रदेश के पहले अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर छात्रवृत्ति योजना शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान इसकी घोषणा की। सीएम योगी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा “यह सिर्फ आज की सफलता नहीं, बल्कि हमारी उस विरासत का हिस्सा है, जो हमारे जीन्स में मौजूद है। शुभांशु का अनुभव आने वाले अंतरिक्ष मिशनों में देश की मदद करेगा और नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा।”मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला के नाम पर शुरू होने वाली छात्रवृत्ति योजना का लाभ विशेष रूप से युवाओं को मिलेगा, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
अंतरिक्ष यात्रा के बाद लखनऊ में उत्साह

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफल मिशन पूरा करने के बाद शुभांशु शुक्ला पहली बार अपने गृह प्रदेश लखनऊ पहुंचे। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और प्रदेशवासियों के उत्साह को देखकर अभिभूत हो गए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा “मुझे जिस तरह का प्यार और उत्साह यहां देखने को मिला, उससे मैं बहुत कृतज्ञ महसूस कर रहा हूं। ऐसा लग रहा है जैसे मैं घर वापस आया हूं। इस मोमेंटम से भारत की स्पेस जर्नी और आगे बढ़ेगी।”
