ग्रेटर नोएडा : यूपी के ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव कुलेसरा पुस्ता रोड पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ही बाइक पर सवार चार किशोर सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, और घायलों को सेक्टर-39 जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सभी मृतक 16 से 18 साल के
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान हो गई है। इसमें सुमित, लवकुश, रिहान, और मोनू ठाकुर हैं। इनकी सभी की उम्र 16 से 18 साल के बीच है। चारों दोस्त टीवीएस राइडर बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे।
कार और चालक हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल कार और चालक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। ईकोटेक-3 कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने मीडिया को बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस कार चालक की लापरवाही और बाइक सवारों के हेलमेट पहनने के पहलू की जांच कर रही है।
गांव में छाया मातम
एक साथ चार किशोरों की मौत से गांव में गमगीन माहौल है। हादसे के बाद परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। स्थानीय लोग कह रहे हैं कि ट्रैफिक नियमों का पालन और तेज रफ्तार पर रोक जरूरी है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
