सपा प्रमुख बोले- PDA समाज का अपमान, गायत्री प्रजापति-आज़म खान को मिलेगा इंसाफ, विकास दुबे की गाड़ी नहीं, सरकार बचाई गई
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 69,000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण का खुलेआम उल्लंघन हुआ है, और सरकार समाज के साथ भेदभाव कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा, “PDA समाज के लोग संकल्प लेकर जा रहे हैं कि आने वाले समय में बूथ जीतकर समाजवादी पार्टी की पीडीए सरकार बनाएंगे। इस सरकार में हमारे समाज के साथ लगातार भेदभाव और उत्पीड़न हुआ है।”
पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति-आजम खान को लेकर भाजपा पर हमला

उन्होंने पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति और आजम खान के मामलों में भी बीजेपी पर निशाना साधा। अखिलेश बोले, “जब वोट लेना था तब गायत्री प्रजापति की पत्नी को बुलाकर केस वापस लेने का वादा किया गया, लेकिन आज भी वे जेल में हैं। एक दिन गायत्री और आजम खान को इंसाफ मिलेगा।”
जनता के सामने आएगा विकास दुबे का सच

विकास दुबे के एनकाउंटर को लेकर उन्होंने कहा कि गाड़ी पलटने का सच एक दिन सामने आएगा। “जब अमेरिका से कोई सरकार मदद मांगेगी, तो पता चल जाएगा कि गाड़ी किस सेकेंड में और कैसे पलटी।”सपा मुखिया ने तंज कसते हुए कहा, “पहले बुलडोज़र चलता था, अब खड़ा है। लगता है अमेरिका ने उसका तेल वापस ले लिया है।”
यूपी में न्यूयार्क से अधिक शराब दुकान

उन्होंने कहा कि यूपी में “न्यूयॉर्क से ज्यादा शराब की दुकानें खोली गई हैं” और सरकार चाहती है कि सब लोग पिएं। इसके साथ ही योगी सरकार पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम ने खुद अपने केस वापस ले लिए। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि बीजेपी दूसरों का श्रेय छीनने की राजनीति करती है। “इकाना स्टेडियम और कैंसर इंस्टीट्यूट इसका उदाहरण हैं।”
