बरेली : दरगाह आला हज़रत पर होने वाले उर्स-ए-आला हज़रत और उर्स-ए-अमीन-ए-शरीअत की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। नबीरा-ए-आला हज़रत एवं ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी (RAC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए मरकज़ी मस्जिद बीबी जी में बने स्टेज को वाटरप्रूफ टैंट से कवर किया गया है। ज़ायरीन की सहूलियत के लिए रज़ा हेल्प लाइन की फ्री टेंपो सेवा, मुफ़्त मेडिकल कैंप, और लंगरख़ाने का इंतज़ाम कर दिया गया है। शहरभर में रोशनी और सजावट का काम मुकम्मल हो चुका है।
जायरीन के लिए फ्री टेंपो सेवा का शुभारंभ
मौलाना अदनान मियां ने माल गोदाम रोड पर फ्री टेंपो सेवा का उद्घाटन किया। यह सेवा उर्स के तीनों दिन ज़ायरीन को इस्लामिया और जामियातुर्रज़ा तक मुफ्त ले जाएगी। उद्घाटन के मौक़े पर बड़ी संख्या में RAC पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुफ़्त मेडिकल कैंप की सुविधा
बिहारीपुर की ढाल के पास मेडिकल कैंप तैयार है। यहां ज़ायरीन को मुफ़्त दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएँगी। मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने कहा कि “आला हज़रत के उर्स में आने वाले सभी अक़ीदतमंद हमारे मेहमान हैं। उनकी सहूलियत का ख़ास ख्याल रखना हम सबकी ज़िम्मेदारी है।”उन्होंने सभी टीमों को मुस्तैद रहने और शरारती तत्वों से सतर्क रहने की हिदायत भी दी।
लंगर और सजावट का इंतज़ाम
ख़्वाजा क़ुतुब स्थित “बैतुर्रज़ा” के पास लंगरख़ाना और शहरभर में कई जगहों पर लंगर का इंतज़ाम किया गया है। साथ ही “बैतुर्रज़ा” से लेकर मरकज़ी मस्जिद बीबी जी तक रोशनी और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है।
