वाराणसी/लखनऊ : लोकसभा चुनाव 2024 के एक साल बाद भी काशी की सियासत में गर्मी कम नहीं हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वोटर लिस्ट में धांधली के आरोपों के बीच, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अनोखे अंदाज़ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आवास पर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की थाप और फूल-मालाओं के साथ सपा कार्यकर्ताओं ने अजय राय को वाराणसी का “सांसद” घोषित करते हुए जमकर नारेबाज़ी की। उन्होंने कहा-“हमारे सांसद अजय राय हैं, मोदी नहीं।”
कांग्रेस का आरोप, सपा का समर्थन
देशभर में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन चुनावों में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाकर बीजेपी और चुनाव आयोग को घेर रहे हैं। इस माहौल में सपा कार्यकर्ताओं ने अजय राय के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया, और कहा कि निष्पक्ष चुनाव होते तो वाराणसी का नतीजा अलग होता।
जानें क्या बोले अजय राय
अजय राय ने भी सपा कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा “काशी की जनता ने मुझे जो प्यार और आशीर्वाद दिया, वही मेरी असली जीत है।”
बीजेपी ने कसा तंज
इस राजनीतिक तमाशे पर बीजेपी समर्थकों ने सोशल मीडिया पर जमकर चुटकी ली। कई यूज़र्स ने इसे “हास्यास्पद” बताते हुए मीम्स शेयर किए। 2024 लोकसभा चुनाव में अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ा था। शुरुआती कुछ राउंड में वह आगे भी रहे, लेकिन बाद में पीएम मोदी ने बड़ी बढ़त के साथ जीत दर्ज की।
