सैफई/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। शनिवार को रक्षाबंधन के मौके पर सैफई में मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर विधानसभा उपचुनावों में वोटों की डकैती हुई, और चुनाव आयोग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा “उपचुनाव में सबसे ज्यादा मनमानी हुई। कुंदरकी, मीरापुर और फैजाबाद इसके उदाहरण हैं। वीडियो सामने आए, जिनमें एक-एक व्यक्ति छह-छह वोट डाल रहा था। एक व्यक्ति दूसरी जगह से वोट डालते हुए पकड़ा गया।”
सपा समर्थकों के मतदाता सूची से नाम हटाने का आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर अधिकारियों ने सपा समर्थक वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए। बोले, “हमने चुनाव आयोग को 18 हजार नामों की सूची दी थी, जिनके नाम बिना वजह काटे गए, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।”
भाजपा सरकार को बताया ‘माफिया’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने डीजीपी और सरकार से कई बार टॉप-10 अपराधियों की सूची मांगी, लेकिन अब तक नहीं दी गई। “जब तक सूची नहीं आती, असली माफिया भाजपा सरकार खुद है।”
भारत ने अपने कारोबारियों पर नहीं किया भरोसा
अमेरिका की ओर से बढ़ाए जा रहे टैरिफ पर उन्होंने कहा कि यह भारत के उद्योग और कारोबार को अपने हाथ में लेने का मौका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने उद्योगपतियों पर भरोसा नहीं किया। जिससे देश को अमेरिका से धमकियां झेलनी पड़ रही हैं, और चीन से भी संबंध बिगड़ चुके हैं।
