दिल्ली/जैतपुर/लखनऊ: देश की राजधानी दिल्ली के जैतपुर इलाके में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एक घर की दीवार अचानक ढह गई। इसमें दबकर 7 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 3 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा अचानक हुआ और आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
जेसीबी से हटाया जा रहा है मलवा
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव दल जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटा है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बारिश में गिरी कमजोर दीवार
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दीवार कमजोर हो चुकी थी, और बारिश के कारण उसकी नींव और कमजोर हो गई। हालांकि, पुलिस और MCD की टीम घटनास्थल पर जांच में जुटी है।
