गोंडा/लखनऊ : यूपी के गोंडा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीहागांव (थाना मोतीगंज) से जलाभिषेक के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अचानक बेलवा बहुता नहर में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इसमें 9 लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं जबकि, एक व्यक्ति अब भी लापता है, और तीन लोगों को बचा लिया गया है।
बारिश बनी काल, फिसली सड़क से नहर में गिरी बोलेरो
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/dYgc7n_GRsw?si=PW-AOUZgzaaTdT2Z
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हल्की बारिश हो रही थी। नहर के किनारे की संकरी और फिसलन भरी सड़क से गुजरते समय बोलेरो अचानक फिसल गई, और नहर में समा गई। गाड़ी पानी में पूरी तरह डूब गई। जिससे सवारों को निकलने का मौका नहीं मिल सका।
चश्मदीदों ने बताया, “मानो पूरा गांव डूब गया हो”
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत प्रशासन को दी। DM प्रियंका निरंजन और SP विनीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। NDRF और स्थानीय गोताखोरों ने राहत कार्य शुरू किया और अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं। एक की तलाश जारी है।
सीहागांव में पसरा मातम
हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। एक ही गांव के इतने लोगों की मौत से हर आंख नम है। परिजन सदमे में हैं, पूरा गांव शोक में डूब गया है।
सीएम योगी,एसपी चीफ ने जताया दुख, दिए तत्काल राहत के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्यों को तेज़ करने व घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हादसे की सूचना पर दुख जताया है। सरकार से पीड़ित परिजनों की हरसंभव मदद की बात कही है। DM प्रियंका निरंजन ने कहा कि “यह बेहद दुखद घटना है। मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी। बचाव कार्य लगातार जारी है।”SP विनीत जायसवाल: “हादसे की जांच जारी है। हादसे के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।”
