बरेली में तकनीकी खराबी के चलते रुकी ट्रेन, यात्रियों की सतर्कता से बची जान
बरेली : दिल्ली से लखनऊ आ रही 12230 लखनऊ मेल के D-4 कोच में मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यात्रियों ने ट्रेन के पहिये से चिंगारी निकलती देखी और कुछ ही देर में कोच में धुआं भर गया। यह घटना रामपुर और बरेली के बीच घटी। ट्रेन को तुरंत बरेली जंक्शन पर रोका गया और तकनीकी टीम ने कोच की जाँच कर खराबी को ठीक किया। यह ट्रेन करीब 32 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
जानें क्या हुआ था?
मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2:15 बजे यात्रियों ने देखा कि चक्का जाम होने से चिंगारी उठ रही है और कोच में धुआं भर गया। यात्री विष्णु गिरधर ने बताया कि हालात बिगड़ते इससे पहले ही यात्रियों ने इसकी सूचना दे दी थी। 3:35 बजे बरेली स्टेशन पहुंचते ही ट्रेन की जांच की गई और फिर 4:07 पर रवाना किया गया। रेलवे स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के अनुसार, “चक्के में तकनीकी खराबी थी जिसे तत्काल सुधार लिया गया। एहतियातन सभी कोच की जांच के लिए रखरखाव डिपो को सूचना भेजी गई है।”
लखनऊ मेल का गौरवशाली इतिहास
100 साल से अधिक पुराने इस ट्रेन को आईएसओ 9000 मान्यता प्राप्त है। 2005 में इसे एलएचबी कोच में बदला गया और सुपरफास्ट दर्जा मिला। यह ट्रेन लखनऊ से दिल्ली तक 492 किमी का सफर महज़ 8 घंटे 45 मिनट में तय करती है।
