नई दिल्ली/मुजफ्फरनगर : भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को लेकर बड़ा दावा किया है। टिकैत ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि “धनखड़ ने इस्तीफा नहीं दिया, बल्कि इस्तीफा दिलवाया गया है।”उन्होंने आरोप लगाया कि, “धनखड़ गांव, गरीब और किसान की बात करते थे। इसलिए पूंजीपतियों की सरकार को यह पसंद नहीं आया। आज की व्यवस्था में किसान हितैषी सोच रखने वाले नेता नहीं टिक सकते।”टिकैत ने यह भी कहा कि “कोई मेडिकल कारण नहीं आया, न ही इस्तीफे से पहले कोई पूर्व सूचना दी गई। यह साजिशन इस्तीफा लिया गया है। गांव तक के लोग कह रहे हैं कि इस्तीफा स्वेच्छा से नहीं हुआ।”
बीजेपी पर साधा निशाना
भाजपा पर निशाना साधते हुए टिकैत बोले “इस पार्टी में अगर आप 50 साल से कम उम्र के हैं, और समझौता कर लेते हैं, तो आपको दुष्यंत चौटाला बना दिया जाएगा। अगर, उम्र ज़्यादा है, तो जगदीप धनखड़ या सतपाल मलिक की तरह बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।”टिकैत ने यह भी जोड़ा कि इस बार “ढोल किसी और के दरवाज़े पर बजेगा”, जो इशारा करता है कि अगली राजनीतिक कार्रवाई किसी अप्रत्याशित दिशा में जा सकती है।
